हरिद्वार । ऋषिकुल मैदान में आयोजित सहकारिता मेला-2025 के चौथे दिन स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि पूरे देश में इस वर्ष को ‘सहकारिता वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी 13 जिलों में सहकारिता मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक एसएचजी व महिला समूहों को सहकारिता से जोड़ना तथा प्रदेश के स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सहकारिता के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। अब तक **30 लाख लोग सहकारिता से जुड़े** हैं और विभाग का लक्ष्य **50 लाख लोगों को जोड़ने** का है। उन्होंने कहा कि सरकार में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप सहकारी समितियों के चुनावों में **250 महिलाएं अध्यक्ष, 160 उपाध्यक्ष और 2500 महिलाएं सहकारिता बोर्ड** में चुनी गई हैं।
मंत्री ने कहा कि सहकारिता को मजबूत करने के लिए हर गांव में एक सोसायटी बनाई जा रही है तथा **1200 नई सोसाइटियां** गठित की जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा सहकारिता को अलग मंत्रालय का रूप देने पर आभार व्यक्त किया। साथ ही बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य में **3 लाख ‘लखपति दीदी’** तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। इनमें अलंकारिक मत्स्यजीवी समिति को **15.60 लाख रुपये**, गणेश आजीविका स्वयं सहायता समूह को **6 लाख रुपये**, तथा सहकारिता मत्स्यजीवी समिति मानिकपुर आदमपुर, ब्लॉक भगवानपुर को उत्कृष्ट मत्स्य प्रदर्शन के लिए **प्रमाण पत्र** प्रदान किया गया।
दिन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान योजना के अंतर्गत **10 लाभार्थियों को ऋण चेक** वितरित किए गए।
इस अवसर पर बच्चों ने मलखंब, योग अभ्यास, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मंत्री ने प्रतिभागी बच्चों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम में अपर निबंधक सहकारिता ए. डी. शुक्ला, सह मीडिया संयोजक विकास तिवारी, सुशील त्यागी और पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने भी अपने विचार रखे।
इसके अलावा जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व राज्य मंत्री सुशील चौहान, मंडल अध्यक्ष सुनील सैनी, जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा, जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक एस. एस. सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।