हरिद्वार। जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय विधायकों ने पाइपलाइन लीकेज, सड़कों की खराब स्थिति और पानी की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त की।
विधायक ममता राकेश ने भगवानपुर में टूटी सड़कों और खेलपुर गांव में सड़क मरम्मत में देरी होने की बात ही, साथ ही बताया कि इमलीखेड़ा गांव में टैंक बंद पड़ा है, रायपुर गांव के हर मोहल्ले में पानी की लीकेज है। विधायक फुरकान अहमद और वीरेंद्र जाती ने अपने क्षेत्रों में पाइपलाइन से संबंधित समस्याओं और सड़कों की खस्ताहाल हालत पर शिकायत की। इंजीनियर रवि बहादुर ने सुभाषगढ़ में टंकी निर्माण की गुणवत्ता को लेकर असंतोष व्यक्त किया।
विधायक अनुपमा रावत ने कतारपुर और पदार्था में जल आपूर्ति की खराब स्थिति और गंदे पानी की शिकायतें उठाईं। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने जगजीतपुर और रावली महदूद में जल संस्थान की लापरवाही की शिकायत की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और शिकायतों के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता की जांच और लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।