40 हजार से अधिक बालिकाओं को मिला 1.72 अरब का लाभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से डीबीटी के माध्यम से नंदा गौरा योजना के तहत 40,504 लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1 अरब 72 करोड़ 44 लाख 4 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। इस योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में 2 लाख 84 हजार 559 लाभार्थियों को कुल 9 अरब 68 करोड़ 64 लाख 51 हजार रुपये की सहायता दी जा चुकी है।

बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही इस योजना के तहत उत्तराखंड में कन्या के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस वर्ष जन्म लेने वाली 8,616 बालिकाओं को 9 करोड़ 81 लाख 16 हजार रुपये और 12वीं पास करने वाली 31,888 बालिकाओं को 1 अरब 62 करोड़ 62 लाख 88 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में भेजी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत है। नंदा गौरा योजना से बड़ी संख्या में गरीब परिवारों की बेटियां लाभान्वित हो रही हैं। इसके अलावा, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना जैसी योजनाओं से भी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सचिव चंद्रेश कुमार यादव, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास निदेशक प्रशांत आर्य सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *