झज्जर। राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आई.पी. महिला कॉलेज (झज्जर) में छनमन कैप चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि. 927) द्वारा छात्राओं के लिए प्रेरणादायक मोटिवेशनल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ट्रस्ट की संयोजक और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बबीता योगाचार्य ने छात्राओं को जीवन में सफलता पाने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए।

उन्होंने कहा कि जीवन में एक स्पष्ट उद्देश्य तय कर उस पर पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें। ध्यान भटकाने वाले कारकों से बचें और नशीली चीजों का सेवन न करें। उन्होंने प्रतियोगी युग में मेहनत और तैयारी का महत्व बताया और कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग निवास करता है, इसलिए योग, ध्यान और प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करें।
इस अवसर पर ट्रस्ट की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नीतू पांचाल ने छात्राओं को संस्था की गतिविधियों और इंटर्नशिप के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कई तरह से सहायता करता है।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बाला धनखड़ ने भी छात्राओं को सफलता के टिप्स देते हुए कहा कि भविष्य में केवल शिक्षा ही काम आएगी। उन्होंने छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में कॉलेज का स्टाफ और ट्रस्ट की टीम भी मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी अपनी जिज्ञासाओं को साझा किया और मार्गदर्शन प्राप्त किया।