दिशा समिति बैठक में सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत का निर्देश—जन कल्याणकारी योजनाएं बाधित न हों, विभाग समन्वय से करें कार्य

हरिद्वार। लोकसभा सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण कक्ष सीसीआर के सभा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई तथा पिछली बैठक के निर्देशों पर हुई प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक से पूर्व सांसद ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ आमजन तक सुचारू रूप से पहुंचे, इसके लिए विभागों के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि समन्वय के अभाव में कोई भी जनकल्याणकारी योजना प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

सड़क मार्गों की समीक्षा में उन्होंने निर्माण कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता देने और जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई समस्याओं पर तत्परता से निपटने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग व पुलिस को ओवरलोडिंग रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को मरीजों को उचित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने और गर्भवती महिलाओं को अनावश्यक रेफर न किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालयों में किसी उपकरण की कमी होने पर सांसद निधि से धन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने टीबी और एंटी-रेबीज दवाओं की उपलब्धता की जानकारी भी ली।

पेयजल विभाग को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने, पाइप लाइन लीकेज ठीक करने और लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को बाधित सप्लाई को तत्काल बहाल करने और विद्युत चोरी रोकने के लिए कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए।

मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए गांवों में तालाब निर्माण के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग को असिंचित क्षेत्रों का डाटा उपलब्ध कराने को कहा गया ताकि सिंचाई योजनाएं तैयार की जा सकें। पशुपालन विभाग को डेयरी और बकरी पालन को प्रोत्साहित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

बैठक में अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, पूर्ति, शिक्षा, बाल विकास, उद्योग, खेल, श्रम और समाज कल्याण विभाग सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सांसद को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का पालन कराया जाएगा और एक माह के भीतर कार्यवाही रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को भेजी जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, विधायक मदन कौशिक, काजी निजामुद्दीन, वीरेन्द्र जाति, फुरकान अहमद, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, अनुपमा रावत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नगर निकाय प्रमुख एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *