देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले कुम्भ मेला में उत्तराखंड की देवडोलियों, लोक देवताओं के प्रतीकों और चल विग्रहों के दिव्य स्नान तथा भव्य शोभायात्रा की भव्य एवं सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला हमारी धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत का महापर्व है, जिसके माध्यम से देश-दुनिया के श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध परंपराओं और आध्यात्मिक वैभव का साक्षात्कार करेंगे।
इस संबंध में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में *देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति* के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर देवडोलियों की शोभायात्रा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणी व्यास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।