राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होंगे बहुद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर

मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि 23 मार्च 2025 को वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्य के जनपद मुख्यालयों में जन सेवा थीम पर बहुद्देशीय शिविरों और चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, यह शिविर 22 मार्च से 25 मार्च 2025 तक आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम 22 मार्च को अल्मोड़ा और 23 मार्च को देहरादून में आयोजित होगा।

समस्त जनपदों के मुख्यालयों में 23 मार्च को सूचना विभाग द्वारा तैयार विकास पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा, साथ ही बहुद्देशीय शिविरों और चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित जनपद के प्रभारी मंत्री करेंगे। यदि प्रभारी मंत्री उपलब्ध नहीं होते हैं, तो कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित सांसदगण करेंगे। जिलाधिकारी प्रभारी मंत्री अथवा सांसदगण से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनिश्चित करेंगे। बहुद्देशीय शिविरों में आमजन को सरकारी सेवाओं, जनोपयोगी योजनाओं की जानकारी, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाओं का वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सक्सेस स्टोरीज का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि प्रभारी मंत्री अथवा सांसदगण पहले जनता को संबोधित करेंगे। देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अपराह्न 12:30 बजे संबोधन देंगे, जिसका सजीव प्रसारण सभी जनपद मुख्यालयों, तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों में किया जाएगा। प्रत्येक जिले के जिलाधिकारी बहुद्देशीय शिविरों और चिकित्सा शिविरों के आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करेंगे, जिसमें टेंट, फर्नीचर, जलपान और भोजन की व्यवस्था शामिल होगी। इसके अलावा, कार्यक्रम स्थल पर उत्तराखंड की लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक गायन और लोक कला से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पठनीय सामग्री भी जनसामान्य को उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। 23 मार्च को आयोजित मुख्य कार्यक्रम के अलावा, 24 से 30 मार्च 2025 तक प्रत्येक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर बहुद्देशीय और चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की तिथियां निर्धारित कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके और आमजन को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो। इन कार्यक्रमों में सांसदगण, विधायकों और अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *