हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आज से

हरिद्वार। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत न्याय पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार यह शिविर 17 दिसंबर से प्रारंभ होकर 45 दिनों तक, 30 जनवरी तक आयोजित होंगे।

जिलाधिकारी ने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया है। नोडल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ शिविरों की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। शिविरों में केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत 17 दिसंबर को विकास खंड बहादराबाद, तहसील हरिद्वार की न्याय पंचायत बहादराबाद में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी मयूर दीक्षित करेंगे। यहां नोडल अधिकारी खंड विकास अधिकारी बहादराबाद होंगे और शिविर विकास खंड कार्यालय बहादराबाद में आयोजित होगा।

इसी दिन नारसन ब्लॉक, तहसील रुड़की की न्याय पंचायत मुड़लाना में जूनियर हाई स्कूल मुड़लाना में शिविर आयोजित किया जाएगा। यहां नोडल अधिकारी जिला आबकारी अधिकारी होंगे और शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी करेंगे। वहीं विकास खंड खानपुर, तहसील लक्सर की न्याय पंचायत खानपुर में विकास खंड कार्यालय खानपुर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) करेंगे तथा नोडल अधिकारी खंड विकास अधिकारी खानपुर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *