व्यापारियों पर थोपे गए टैक्स के खिलाफ व्यापार मंडल का हल्ला बोल नगर निगम महापौर और आयुक्त

देहरादून – देहरादून नगर निगम द्वारा प्रस्तावित व्यापार लाइसेंस शुल्क के विरोध में शनिवार को दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल ने मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध दर्ज कराया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोंन के नेतृत्व में नगर निगम महापौर सौरभ थपरियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया।

अध्यक्ष पंकज मैसोंन ने इसे “तानाशाहीपूर्ण निर्णय” बताते हुए कहा कि कोरोना काल के बाद से आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे व्यापारियों पर यह शुल्क एक और प्रहार है। उन्होंने कहा, “भाजपा को व्यापारी समर्थक पार्टी माना जाता है, लेकिन यदि व्यापारी ही परेशान होगा तो वह समर्थन कैसे देगा?”

व्यापार मंडल के मुख्य संरक्षक अशोक वर्मा ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो यह मामला मुख्यमंत्री तक पहुँचाया जाएगा। वहीं महामंत्री पंकज डिढ़ान ने कहा कि बाजार पहले ही मंदी, महंगाई और ऑनलाइन व्यापार की मार झेल रहा है और अब इस तरह का शुल्क सरासर अन्याय है।

मुख्य संरक्षक सुशील अग्रवाल ने याद दिलाया कि यह मुद्दा पहले भी उठ चुका है। “पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा के समय में भी यह शुल्क लगाने का प्रयास हुआ था, जिसे व्यापार मंडल के विरोध के बाद वापस लेना पड़ा था,” उन्होंने कहा।

युवा महामंत्री दिव्य सेठी ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ शुल्क नहीं, बल्कि “अवैध वसूली” जैसा प्रतीत होता है और इसका सीधा असर छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ देगा।

युवा अध्यक्ष मनन आनंद ने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो व्यापार मंडल जल्द ही बड़ा आंदोलन छेड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

बैट्री एसोसिएशन अध्यक्ष संजीव कपूर, राज प्लाज़ा संयोजक अशोक नारंग, अमरजीत सिंह सहित सैकड़ों व्यापारी बैठक में मौजूद रहे और सभी ने एक सुर में इस शुल्क को तत्काल वापस लेने की मांग की।

इस मौके पर संरक्षक विश्वनाथ कोहली, शेखर फुलारा, हरीश मित्तल, हरमीत जयसवाल, विनय नागपाल, भरत गुलाटी, व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं युवा कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नगर निगम के इस निर्णय को व्यापार विरोधी बताया और एकजुट होकर विरोध की घोषणा की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *