उधमसिंह नगर/खटीमा। रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना खटीमा क्षेत्र से सामने आई है, जहां पैसों के लालच में एक व्यक्ति ने अपनी ताई की हत्या कर दी। पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 फरवरी की देर रात खटीमा कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी के एक मकान में वृद्ध महिला जानकी चंद का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद पुत्र स्व. जगदीश चंद, निवासी आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, खटीमा का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। 17 फरवरी की शाम वह पैसों की जरूरत के चलते मुंह पर मफलर बांधकर अपनी ताई के घर पहुंचा। उसने उनके साथ भोजन किया और मौका पाकर मफलर से उनका मुंह व गला दबा दिया। संघर्ष के दौरान वृद्धा मुंह के बल फर्श पर गिर गईं, जिससे उनके नाक और मुंह से रक्तस्राव होने लगा।
आरोपी ने अलमारी से एक पर्स निकाल लिया, जिसमें नकदी और अन्य सामान रखा था। शक से बचने के लिए उसने मकान के बाहर ग्रिल पर ताला लगा दिया और दरवाजे की कुंडी बंद कर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।