हरिद्वार |
एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर अतुल शर्मा ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को बाधित कर रहे पोल, होर्डिंग एवं यूनिपोल को जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में हटाए जाने की कार्रवाई की जा रही है। जिला सड़क सुरक्षा समिति, हरिद्वार द्वारा विभिन्न मार्गों पर यातायात को अवरुद्ध कर रहे साइन बोर्ड, होर्डिंग, यूनिपोल अथवा अन्य अवरोधों को हटाने के क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा एवं श्रीमती नेहा झा द्वारा चंडी चौक चौराहे पर स्थापित हाईमास्ट लाइट पोल को चिन्हित किया गया था।
यह हाईमास्ट विद्युत पोल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या–34 पर हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जाने वाले यातायात को प्रभावित कर रहा था, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती थी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर उक्त पोल को हटाने के निर्देश दिए गए, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रुड़की के साइट इंजीनियर नवीन सिंह रावत, यातायात पुलिस, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से आज चंडी चौक से हाईमास्ट लाइट पोल को हटा दिया गया।
साथ ही संबंधित टीम को पोल की फाउंडेशन हटाने एवं सड़क को समतल (स्मूथ) करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे चंडी चौक पर अब बाधा रहित यातायात का संचालन सुनिश्चित हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो।
उन्होंने यह भी बताया कि चंडी चौक चौराहे पर बनी रोटरी के चारों ओर लगे पोस्टर एवं बैनरों को पेट्रोलिंग टीम द्वारा हटाया गया है।