हरिद्वार। मंडलायुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने लोकसभा चुनाव को भय रहित माहौल में कराने के लिये अब तक की गई तैयारियों का आकलन किया।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शिता से सम्पन्न कराये जाने के लिये प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जाए। अपना अनुभव बताते हुए कहा कि छोटी सी लापरवाहीभी बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए सभी कार्मिक अपने ईमानदारी से करें। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सख्ती से आदर्श आचार संहिता का पालन कराया जाए। उन्होंने साफ कहा कि मतदान समाप्ति पर पीठासीन अधिकारी दरवाजा बन्द करके कोई भी काम न करें बल्कि दरवाजे को खुला रखकर ही मशीन सील की जाए, स्ट्रॉन्ग रूम पर तीसरी आंख यानि सीसीटीवी से भी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा मतदान पार्टियों को दूरी के आधार पर प्राथमिकता से रवाना किया जाए।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने जनपद में कानून एवम शांति व्यवस्था के साथ ही अब तक की गई इनफोर्समेंट की कार्यवाही, गैंगस्टर एक्स, गुण्डा एक्ट, एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत की गई कार्यवाही की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी तथा एसएसपी ने केंद्रीय विद्यालय में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था चाक चैबंद रहे तथा परिंदा भी पर न मार सके। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर सुरक्षात्मक दृष्टि से दीवार बनाने, बेरिकेटिंग करने के निर्देश दिए।
आईजी गढ़वाल करन सिंह नगन्याल, सीडीओ प्रतीक जैन, एसपी स्वतंत्र कुमार सिंह, पंकज गैरोला, एसके सिंह, मुख्य कोषाधिकारी रोमिल चौधरी, एडीएम पीएल शाह, दीपेंद्र नेगी, एसडीएम मनीष सिंह, अजयवीर सिंह, कुश्म चौहान, जितेंद्र सिंह, युक्त मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।