कोरिडोर भ्रांतियों को जिला प्रशासन ने किया दूर, व्यापारी सौंदर्यकरण में देंगे सहयोग, तोड़-फोड़ पर करेंगे विरोध

हरिद्वार। जिला प्रशासन ने कोरिडोर के विषय में अफवाहों और भ्रांतियों को दूर करने के लिए बैठक की। उन्होंने बताया कि टोपोग्राफिकल सर्वे चल रहा है और रोड चौड़ीकरण का कोई आदेश नहीं है।

उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह तथा सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ कोरिडोर के विषय में सीसीआर में बैठक की। बैठक में कहा कि हरिद्वार कोरिडोर को लेकर किसी भी भ्रम में न रहें और अफवाहें न फैलाएं। जिला प्रशासन ने कन्सलटैंट्स और व्यापारियों के साथ एक बैठक की है ताकि सभी भ्रांतियों को दूर किया जा सके और चल रहे सर्वे में सहयोग मिल सके।

कन्सलटैंट ने बताया है कि केवल टोपोग्राफिकल सर्वे चल रहा है। शासन ने सड़क चौड़ीकरण के लिए कोई आदेश नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि सर्वे सिर्फ सड़क की एक नाली से दूसरी नाली तक किया गया है, और किसी भी व्यापारी की दुकान या भवन की नाप-जोख नहीं की गई है।

व्यापार प्रतिनिधियों ने कहा कि वे शहर के सौंदर्यकरण में सहयोग देंगे, लेकिन किसी भी तोड़-फोड़ को सहन नहीं करेंगे तथा तोड़-फोड़ का खुलकर विरोध करेंगे। उन्होंने भ्रांतियों के कारण उत्पन्न समस्याओं जैसे बैंकों से ऋण न मिलना और दुकान-मकान बेचने में मुश्किल का भी उल्लेख किया।

बैठक में व्यापार मंडल प्रतिनिधि संजीव नैयर, राजीव पाराशर, कमल बृजवासी, अनिरूद्ध भाटी, विजय शर्मा, सुनील सेठी, अमन शर्मा, अमन गर्ग, संदीप शर्मा, संजय त्रिवाल, राजू मनोचा आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *