हरिद्वार। महाशिवरात्रि महापर्व के अवसर पर शब्द गंगा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मंच तथा श्रवण सेवा एवं शोध संस्थान (पंजी) हरिद्वार के संयुक्त तत्वाधान में उछाली आश्रम के सभागार में एक भव्य कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस काव्य समागम में कवियों ने अपने ओजस्वी, भक्तिमय और मार्मिक रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए उछाली आश्रम के परमाध्यक्ष महंत विष्णुदास महाराज ने कहा कि कवि समाज का सच्चा मार्गदर्शक होता है। उन्होंने सभी कवियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉक्टर पुष्पा रानी वर्मा और विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ गीतकार रमेश रमण एवं शिव शंकर जायसवाल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा को पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। युवा कवयित्री अपराजिता उन्मुक्त ने सरस्वती वंदना से माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद कवियों ने अपनी सशक्त रचनाओं से उपस्थित श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर संस्था की ओर से अपराजिता ‘उन्मुक्त’ को भारत मंडपम, दिल्ली में राष्ट्रीय युवा महोत्सव में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
गोष्ठी में आशा साहनी, कल्पना कुशवाहा, अरविंद दुबे, साधुराम पल्लव, पंडित ज्वाला प्रसाद शांडिल्य, सुभाष मलिक, डॉ. मेनका त्रिपाठी, रेखा सिंघल, अरुण पाठक, कंचन प्रभा गौतम सहित कई प्रतिष्ठित कवियों ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन हिंदी साहित्यकार डॉ. अशोक गिरी ने किया और अंत में सभी कवियों व अतिथियों का आभार बृजेंद्र हर्ष ने व्यक्त किया।