**लक्सर और नारसन में लगे जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर, 1022 लाभार्थी हुए लाभान्वित**

हरिद्वार | जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत जनपद के विकासखंड लक्सर और नारसन की न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 1022 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि 708 लोगों को विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में 4239 लोगों ने सहभागिता की।

अभियान के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 148 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 104 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

नारसन विकासखंड के न्याय पंचायत नारसन कलां स्थित जूनियर हाईस्कूल में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पीआर चौहान की अध्यक्षता में शिविर लगाया गया, जहां 237 लोगों को योजनाओं का लाभ और 56 लोगों को प्रमाण पत्र दिए गए। वहीं, लक्सर विकासखंड की न्याय पंचायत हबीबपुर कुंडी में अपर सचिव उत्तराखंड अनुराधा पॉल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 785 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया और 652 प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *