हरिद्वार। जनपद में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत भगवानपुर और नारसन विकासखंड की न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से कुल 2201 लोगों को लाभान्वित किया गया, जबकि 738 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में 3935 लोगों ने प्रतिभाग किया।
शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 117 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 67 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
भगवानपुर की न्याय पंचायत चौल्ली शाहबुद्दीनपुर में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने की। यहां 1629 लोगों को योजनाओं का लाभ और 550 लोगों को प्रमाण पत्र दिए गए। इस शिविर में 2349 लोगों ने भाग लिया। वहीं, नारसन विकासखंड की न्याय पंचायत डंडेरा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 572 लोग लाभान्वित हुए और 188 प्रमाण पत्र जारी किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आयोजित यह अभियान पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। शिविरों में ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।