जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: 3661 लोग योजनाओं से लाभान्वित, 101 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। जनपद के रुड़की और भगवानपुर विकास खंडों की न्याय पंचायतों में आयोजित *जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार* कार्यक्रम के तहत हजारों ग्रामीणों को राहत मिली। बहुउद्देशीय शिविरों में कुल 3661 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि 1096 लोगों को अलग-अलग विभागों के प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में 7759 लोगों ने प्रतिभाग किया।

शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 141 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 101 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा गया।

रुड़की विकास खंड की न्याय पंचायत बेलडा में आयोजित शिविर में 2136 लोग योजनाओं से लाभान्वित हुए और 721 प्रमाण पत्र जारी किए गए। यहां 62 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 45 का त्वरित समाधान किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी रुड़की अनिल कुमार शर्मा ने की।

भगवानपुर विकास खंड की न्याय पंचायत चुड़ियाला मोहनपुर में आयोजित शिविर में 1525 लोगों को योजनाओं का लाभ और 375 लोगों को प्रमाण पत्र दिए गए। यहां 79 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 56 का मौके पर निस्तारण हुआ। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का सशक्त माध्यम है। शिविरों के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही हो रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शेष शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविरों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *