काशीपुर – 18 अप्रैल की रात आए तेज चक्रवाती आंधी-तूफान ने उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई। इस तूफान के चलते पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड), उत्तराखंड और यूपी ट्रांसमिशन को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
पिटकुल के अधिशासी अभियंता राकेश विजलवाण ने बताया कि मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर एवं काशीपुर क्षेत्र में आए इस तूफान ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। पिटकुल की 400 केवी काशीपुर-मुरादाबाद ट्रांसमिशन लाइन का टावर संख्या 94 SA+25 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे इस लाइन से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
उन्होंने बताया कि टावर को शीघ्र पुनः स्थापित करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है और उच्च अधिकारियों ने तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। यूपी ट्रांसमिशन के भी कई टावर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे दोनों विभागों को करोड़ों रुपये की क्षति का अनुमान लगाया गया है।