देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरा लगभग तय हो गया है। अभी तक जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र उत्तराखंड आ सकते हैं, तभी पीएम मोदी देहरादून में दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। संभावना जताई जा रहा है कि इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रह सकते हैं।
फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार कहा जा सकता है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसकी तैयारियां शासन-प्रशासन स्तर पर तेज हो गई हैं। अभी तक पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे का जो संभावित कार्यक्रम मिला है, उसके अनुसार पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से उत्तराखंड से लगते हुए सहारनपुर जिले में स्थित गणेशपुर गांव पहुंचेंगे। वहीं पर पीएम मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद उसी रोड से पीएम मोदी देहरादून के महिंद्रा ग्राउंड पहुंचेंगे। महिंद्रा ग्राउंड में पीएम मोदी एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 14 अप्रैल को देहरादून में आना प्रस्तावित हैं। इस दौरान पीएम दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। पीएम दौरे को लेकर सभी में उत्साह है। उत्तराखंड के साथ ही देश के सभी लोग चाहते हैं कि प्रधानमंत्री जब उत्तराखंड आएंगे तो वो विकास की तमाम योजनाओ को जनता को समर्पित करेंगे।
सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी का देव भूमि की जनता और उत्तराखंड राज्य से एक विशेष और धार्मिक लगाव भी है। उनके पीएम बनने के बाद उत्तराखंड में तमाम विकास कार्य की योजनाएं शुरू हुई है। सीएम धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के विकास के साथ ही पीएम ने उन तमाम क्षेत्रों में प्रवास किया है, जहां पहले कोई भी प्रधानमंत्री नहीं गया। अंतिम गांव कहा जाने वाला उत्तराखंड के माणा गांव को प्रधानमंत्री ने देश के प्रथम गांव की संज्ञा दी।
इसके साथ ही मां गंगा के मायके के हर्षिल में आकर पीएम ने शीतकालीन यात्रा को प्रमोट किया। इसके साथ ही उत्तराखंड के तमाम क्षेत्रों में पीएम मोदी गए। साथ ही आपदा के दौरान भी पीएम जनता के बीच जाकर जनता का प्रोत्साहन किया। ऐसे में पीएम एक बार फिर उत्तराखंड आ रहे है।