उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले मुखवा गांव में मां गंगा के शीतकालीन गद्दी स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने मां गंगा को भोग अर्पित किया। इस खास मौके पर स्थानीय ग्रामीणों ने पारंपरिक रांसों नृत्य से पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया।

मुखवा गांव से प्रधानमंत्री मोदी ने भव्य हिमालय के मनोरम दृश्य का आनंद लिया। व्यू पॉइंट से उन्होंने बर्फ से ढकी चोटियों और हर्षिल घाटी से बहती भागीरथी नदी की सुंदरता को निहारा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से हर्षिल पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने वाली एक्जीबिशन का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की झलक प्रस्तुत की गई थी।
पीएम मोदी ने इस मौके पर ट्रैकिंग और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा सकता है। पीएम ने कहा कि उत्तराखंड में हर सीजन में पर्यटन ऑन रहना चाहिए, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने विंटर टूरिज्म के तहत ट्रैकिंग, स्कीइंग और अन्य रोमांचक गतिविधियों के आयोजन पर फोकस दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में 365 दिन पर्यटन को बढ़ावा देने की जरूरत है, ताकि हर मौसम में सैलानी यहां आएं। उन्होंने ‘घाम तापो पर्यटन’ की अवधारणा रखते हुए कहा कि सर्दियों में जब देश के कई हिस्सों में कोहरा रहता है, तब पहाड़ों में खिली धूप का आनंद लिया जा सकता है। यह अपने आप में एक खास अनुभव होगा। उन्होंने कॉरपोरेट सेक्टर के लोगों से भी उत्तराखंड में कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और योग व आयुर्वेदिक उपचार के लिए आने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने बताया कि हर साल उत्तराखंड में करीब 50 लाख यात्री पहुंच रहे हैं और इस साल के बजट में 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। इसके अलावा, होम स्टे को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की आय में भी बढ़ोतरी हो रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि ‘वेड इन इंडिया’ को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड सबसे बेहतरीन स्थान है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अपनी शादी के लिए उत्तराखंड को प्राथमिकता दें, जिससे राज्य के पर्यटन उद्योग को नई ऊर्जा मिलेगी।
पीएम मोदी की इस यात्रा से उत्तराखंड के पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और इसे वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।