हरिद्वार। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने स्पा सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर कागजात खंगाले और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवालिक नगर स्थित दो स्पा सेंटरों की जांच की, जहां गंगानगरी स्थित होटल ओरियंट में बिना सत्यापन के स्पा के लिए कर्मचारियों को रखा गया पाया गया, जिस पर होटल मालिक जुगनू सागर का 10,000 रुपये का चालान किया गया।
वहीं, थाना सिडकुल पुलिस ने पेंटागन मॉल में तीन स्पा सेंटरों की जांच की, जिसमें Good and Happy Spa Centre खुला मिला और उसका लाइसेंस वैध पाया गया, जबकि अन्य दो स्पा सेंटर बंद थे। हालांकि, संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। थाना बहादराबाद पुलिस ने भी अपने क्षेत्र में छापेमारी कर दो स्पा सेंटरों को अनियमितता पाए जाने पर सील कर दिया और एक का 81 पुलिस अधिनियम में चालान किया गया। संचालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में कोई गड़बड़ी मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इधर थाना श्यामपुर पुलिस ने जब स्पा सेंटरों की जांच की तो किसी भी तरह की अनियमितता नहीं पाई गई, लेकिन संचालकों को रिकॉर्ड पारदर्शी रखने और नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।