हरिद्वार। शारदीय कांवड़ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। एसपी जितेंद्र मेहरा ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में ब्रीफिंग कर ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूरा मेला क्षेत्र 6 जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है। मेले में 287 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बम निरोधक दस्ता, जल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद रहेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 4 पुलिस उपाधीक्षक, 8 निरीक्षक, 39 उपनिरीक्षक, 10 महिला उपनिरीक्षक, 10 टीएसआई/एएसआई टीपी, 173 कांस्टेबल, 34 महिला कांस्टेबल, 19 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 3 पीएसी कंपनियां, 2 प्लाटून, 1 बम निरोधक दस्ता, 16 जल पुलिस कर्मी और 6 अभिसूचना इकाई कर्मी तैनात रहेंगे। वहीं तीसरी आंख (सीसीटीवी) भी निगरानी रखी जायेगी।
इस दौरान अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी पंकज कुमार गैरोला, एएसपी/सीओ सदर जितेंद्र चौधरी, सीओ मंगलौर विवेक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक तकनीकी/सुरक्षा जूही मनराल, सीओ ज्वालापुर अविनाश वर्मा, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।