हरिद्वार। हर की पैड़ी स्थित नाई घाट से 5 दिन पूर्व अपहरण का शिकार हुये एक वर्षीय बच्चे को कलियर रूड़की रोड से अपहरणकर्ता समेत बरामद किया है। बच्चे को अपरहण करने वाले देवर-भाभी हैं। बच्चे से भीख मंगवाने और बच्चे की खरीद-फरोख्त के लिए अपहरण किया था। बच्चा बरामद होने से उसकी मां के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
एसएसपी ने आज दोपहर एसपी सिटी ऑफिस में प्रेस वार्ता में पत्रकारों को बताया कि 9 अप्रैल को नीतू निवासी ग्राम दुमरिया बस्ती थाना अमरपुर जिला बांका बिहार ने नगर कोतवाली में तहरीर दी कि उसका 1 वर्षीय बच्चा चोरी हो गया है। बताया कि वह अपने बच्चे को नाई घाट में छोड़कर खाना लेने गई थी। जब वापस लौटी तो बच्चा गायब मिला।
शिकायत के आधार पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 363 में मुकदमा पंजीकृत किया। थाना पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तब एक व्यक्ति बच्चे को ले जाता हुआ दिखाई दिया। अपहरण की गुत्थी सुलझाने के लिये पुलिस टीम जनपद मुजफ्फरनगर, सहारनपुर व रुड़की की ओर गई, साथ ही बच्चे व संदिग्ध व्यक्ति का पंपलेट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया तथा प्रिन्ट मीडिया के जरिए प्रसारित व प्रकाशित किया गया।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि कलियर रूड़की रोड पर होटल कैनाल व्यू के पास गुमशुदा बच्चे व अपहरणकर्ता को एक महिला के साथ देखा गया है, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में अपना नाम देवेंद्र व सीमा (काल्पनिक) बताया। आरोपी देवेंद्र जिला मुजफ्फरनगर उतर प्रदेश का रहने वाला है। वहीं उसके साथ पकड़ी गई महिला रिश्ते में उसकी भाभी लगती है, जो प्रतापुर मेरठ यूपी की रहने वाली है। अपहरणकर्ता देवेंद्र सातवीं पास है व सोहराब गेट मेरठ रोडवेज डिपो के वर्कशॉप में संविदाकर्मी रह चुका है। आरोपियों ने बताया कि बच्चे का अपहरण भिक्षावृत्ति व किसी जरूरतमंद को बच्चा बेचकर मुनाफाखोरी के लिए किया था। आरोपियों के खिलाफ मुकदमें में धारा 363ए/34 की बढ़ोतरी की गई। आरोपियों न्यायालय में पेश किया जा रहा है
आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, निरीक्षक ऐश्वर्या कुमार पाल, वरिष्ठ उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह बुटोला, उप निरीक्षक संजीव चैहान चैकी प्रभारी हर की पौड़ी, एएसआई दीपक ध्यानी, हेड कांस्टेबल मान सिंह नेगी, संजय पल, सतेंद्र कुमार पदम् (एसओजी ) व कांस्टेबल निर्मल, सुनील चैहान, सतीश नोटियाल शामिल रहें