रूड़की। चैकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम पर फायर कर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस की गोली पैर में लगने से एक घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी करके घायल को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से एक तमंचा, कारतूस, कार, रस्सी व गोकशी करने के उपकरण बरामद हुए हैं। मौके से तीन आरोपी फरार हो गए।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि शुक्रवार की देर रात्रि करीब एक बजे पुलिस थाना झबरेडा क्षेत्रान्तर्गत उ०प्र० बार्डर स्थित लाठरदेवा हूंण नहर पिकेट पर व्यक्ति व वाहन चैकिंग अभियान चलाया रही थी। तभी एक सिल्वर रंग की सेन्ट्रो कार मंगलौर की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो बैरियर तोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो फायरिंग करते हुए तांसीपुर नहर पटरी की ओर भाग गये।
पुलिस कर्मियों ने कंट्रोल रूम व थानाध्यक्ष झबरेड़ा को फायरिंग की सूचना की। सूचना पर थाना झबरेड़ा व कोतवाली मंगलौर पुलिस बल ने तांसीपुर नहर पटरी पर बदमाशों की घेराबंदी हेतु पहुँची। बदमाशों को पुलिस ने बुडपुर नूरपुर नहर पुलिया पर रोकने की कोशिश की, तब उनकी कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कार से उतरकर बदमाश नहर किनारे स्थित झाडियों में घुस गये, झाड़ियों के पीछे छिपकर पुलिस पर फायरिंग करते रहे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से दबोच लिया। जिसके बांये पैर में गोली लगी। उसने अपना नाम बोलर उर्फ भुल्लर पुत्र तालिब निवासी ग्राम चांदपुर गागलहेडी सहारनपुर बताया। उसके पास से तमंचा, तीन खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ गोवंश की चोरी करने के लिए झबरेडा क्षेत्र में आया था। उसके तीन साथी इमरान, रिजवान व गुलबहार मौके से फरार हो गये। वहीं फरार बदमाशों में इमरान और रिजवान रुड़की दिल्ली रोड के रहने वाले हैं। एक आरोपी गुलबहार मुजफ्फरनगर निवासी है।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश का आपराधिक इतिहास है। उस पर गौवंश अधिनियम, गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आम्र्स एक्ट, पशु क्रूरता सहित कुल 17 मामले दर्ज हैं। ज्यादातर मामले यूपी के गागलहेडी, सहारनपुर तथा 4 मामले थाना पथरी में दर्ज हैं। बदमाश पशुओं की चोरी कर आवारा पशुओं को टारगेट बनाकर मौके पर ही उन्हें मारकर उनका मांस निकालकर बेचते थे। पूर्व में सहारनपुर उत्तर प्रदेश एवं थाना पथरी, झबरेड़ा उत्तराखंड में कई घटना कर चुके हैं।
मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार घायल को उपचार हेतु रुड़की जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां रात्रि के समय घायल का इलाज किया गया। हालत सुधरने पर इसको जेल भेज दिया जाएगा।
बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष झबरेडा अंकुर शर्मा, थानाध्यक्ष पथरी रविन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक संजय पूनिया चैकी प्रभारी इकबालपुर, उपनिरीक्षक नीरज रावत चैकी प्रभारी लखनौता, अपर उपनिरीक्षक सूरज नेगी, हेड कांस्टेबल रामवीर व विकास, कांस्टेबल प्रदीप, बसंत, मुकेश, रि०अ० मौ० आसिफ व सी०आई०यू० रूडकी टीम से उपनिरीक्षक रमेश सैनी, हेड कांस्टेबल सुरेश रमोला, कांस्टेबल कपिल देव, सोनू, राहुल शामिल रहे।