त्योहारी सीजन में बढ़ाई जाए पुलिस पेट्रोलिंग : सुनील सेठी

महानगर व्यापार मंडल ने एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए महानगर व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ एसपी सिटी पंकज गैरोला को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि बाजारों में खरीदारी बढ़ने के साथ ही ठग और असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं, जिससे चेन लूट, झगड़े और खरीदारों से बदसलूकी जैसी घटनाओं की आशंका रहती है। सेठी ने मांग की कि पुलिस मुख्य बाजारों और कालोनियों में पेट्रोलिंग बढ़ाए ताकि असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बने और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

अखंड परशुराम अखाड़ा के अध्यक्ष अधीर कौशिक ने कहा कि पुलिस का सत्यापन अभियान और तेजी से चलाया जाए, जिससे असामाजिक लोगों की पहचान हो सके। उन्होंने “ऑपरेशन कालनेमि” जैसे अभियानों को लगातार जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि सख्त पुलिस कार्रवाई से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे। इस अवसर पर मुकेश अग्रवाल, सुनील मनोचा और सोनू चौधरी भी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *