हरिद्वार। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने ग्राम कुंआहेडी में दस दिन पूर्व हुई हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों में से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आज पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने मंगलौर कोतवाली परिसर में हत्या का खुलासा किया है।
एसएसपी ने बताया कि ग्राम कुंआहेडी रोड नारसन में सात युवकों ने पहले भरतबीर को लाठी-डण्डों से वार कर लहुलुहान किया और आरोपी नकुल ने भरतबीर को तमंचे से गोली मार हत्या की गयी है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त किए गए बेसबाल के डण्डे व तमंचा 315 बोर व खोखा कारतूस को अपने कब्जे में लिया है। पुलिस कप्तान ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की पीठ थपथपाई।
विगत 23 अप्रैल को मंगलौर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली की ग्राम कुंआहेडी रोड नारसन में गोली मारकर एक युवक की सनसनीखेज तरीके से हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने पर मंगलौर कोतवाली पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुँची और शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी गयी। लोगों से पूछताछ में पता चला कि खेत में पानी रिसने को लेकर इन लोगों में विवाद हुआ था। हत्या की घटना में 24 अप्रैल को मृतक की मां संगीता ने शिकायती पत्र देकर कोतवाली मंगलौर में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्या की घटना में शिकायती पत्र के आधार पर धारा 147, 148, 149, 323, 302, 452, 504, 506 आईपीसी में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली मंगलौर एंव सीआईयू रुडकी की संयुक्त टीम का गठन किया।
पुलिस ने जांच पड़ताल में पाया कि मृतक भरतवीर की जमीन अपने ही गांव के राजेश के खेत से लगी थी। 22 अप्रैल की रात भरतवीर ने अपने खेत में पानी दिया था, पानी भरने पर कुछ पानी रिस कर पड़ोसी के खेत मे चला गया। इस बात पर पहले विपक्षियों ने भरतवीर को सुबह कई बार फोन पर गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी और उसके बाद दिन में खेत पर आने के लिए बार-बार उकसाया। विपक्षियों ने पहले से ही हत्या की योजना बना रखी थी। उन्होंने धर्मवीर की माता एवं परिजनो की मौजूदगी में पहले उसे लाठी-डण्डों से मारपीट कर लहुलुहान किया और नकुल ने भरतबीर को तमंचे से गोली मार दी और घटना स्थल से फरार हो गये। दोनों पक्ष एक ही बिरादरी के हैं। आरोपियों ने अपना फोन भी बंद कर दिया था।
पुलिस टीम ने मैन्युअल तरीके से हत्या की कड़िया मिलाई, आरोपियों के उत्तर-प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर में रह रहे रिश्तेदारों के यहाँ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कल सूचना पर तीन हत्यारोपियों को चौकी नारसन क्षेत्र से दबोचने में सफलता हासिल की है। पकड़े गये आरोपियों में नकुल उर्फ काला, धीरज, कुलबीर हैं। नकुल 12वीं पास, धीरज 12 फेल व कुलबीर बी.ए द्वितीय वर्ष का छात्र है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। घटना में फरार आरोपियों की तलाश की जारी है।