गणतंत्र दिवस से पहले अलर्ट मोड पर पुलिस, एसएसपी ने दिए सख्त सुरक्षा निर्देश

गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों के दौरान पुख्ता पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर संभावित भीड़ का आकलन कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। महत्वपूर्ण कार्यक्रम स्थलों पर हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर से एंटी-सबोटाज चेकिंग की जाएगी। साथ ही संवेदनशील संस्थानों, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि कोई असामाजिक तत्व किसी तरह की अवांछनीय गतिविधि को अंजाम न दे सके।

होटल, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सिनेमा घरों और ढाबों पर आकस्मिक चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ता लगातार गश्त पर रहेगा, जबकि जनपद की सीमाओं पर 24 घंटे चेकिंग की जाएगी। एसएसपी ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *