उत्तराखंड की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया अभियान का जो आह्वान किया था, उसे साकार करने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। सरकार ने इस पहल के तहत सबसे पहले शैक्षणिक संस्थानों पर ध्यान केंद्रित किया है। ईट राइट इंडिया अभियान की पृष्ठभूमि में छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है। इस सिलसिले में स्वास्थ्य विभाग ने विद्यालयी शिक्षा समेत पांच विभागों को पत्र भेजकर संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने विद्यालयी शिक्षा, समाज कल्याण, कौशल विकास एवं सेवायोजन, संस्कृत शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभागों के सचिवों को पत्र भेजा है। पत्र में निर्देश दिया गया है कि सभी शैक्षणिक संस्थानों में टीन प्लेट या डिस्पले बोर्ड के जरिए ‘ईट राइट थाली’ को प्रचारित किया जाए। ईट राइट इंडिया अभियान के राज्य नोडल अधिकारी गणेश चंद्र कंडवाल के अनुसार, खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने स्कूली बच्चों के लिए 2020 में खाद्य सुरक्षा मानक तय किए थे, जिसमें यह बताया गया था कि संतुलित आहार में क्या-क्या शामिल होना चाहिए।
फिट इंडिया अभियान के तहत विद्यालयी शिक्षा विभाग छह ‘ईट राइट किचन’ का प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसे जल्द ही केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। समग्र शिक्षा अभियान के अपर निदेशक कुलदीप गैरोला के अनुसार, छह विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘ईट राइट किचन’ बनाए जाएंगे। इसके अलावा, टीन प्लेट और डिस्पले बोर्ड के माध्यम से फिट इंडिया और ईट राइट का संदेश दिया जाएगा। साथ ही, जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी प्रस्तावित किए जा रहे हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सभी नागरिकों से स्वस्थ रहने की जो अपील की गई थी, उसे साकार करने के लिए उत्तराखंड पूरी तरह संकल्पबद्ध है। सरकार ने इस दिशा में ठोस कार्य शुरू कर दिया है। स्वस्थ भारत और स्वस्थ उत्तराखंड बनाने के लिए संतुलित आहार को लेकर जन जागरूकता बेहद जरूरी है। सरकार ने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि राज्य को स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।