तीर्थनगरी हरिद्वार में गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी स्नान की तैयारियाँ पूरी

हरिद्वार। गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी स्नान मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के लिये पुलिस और प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। आज एसएसपी ने पुलिस बल को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में स्नान मेले को लेकर ब्रीफ किया। मेले को 3 सुपर जोन, 10 जोन व 26 सेक्टर में बांटा गया है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह को मेले का नोडल ऑफिसर मनोनीत किया गया। मेले के चप्पे-चप्पे पर कन्ट्रोल रुम मंें लगे सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जायेगी। मेला क्षेत्र में 434 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और चार पीएसी कंपनी, बीडीएस/डॉग स्कवॉड की दो टीम, चार फायर यूनिट, घुड़सवार दल की एक टीम, जल पुलिस की पाँच टीम, प्लाटून, फ्लड़ कंपनी व प्लाटून की तैनाती की गई है।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि बदलते मौसम को देखते हुए मेले में नियुक्त प्रत्येक जवान अपने साथ पानी की बोतल रखेगा। गर्मी होने पर डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ग्लूकोज, ओआरएस भी रखेंगे। ड्यूटी प्वाॅइंट पर पहुंचने से पूर्व प्रत्येक जवान अपनी ड्यूटी की अच्छे से जानकारी कर ले।

टेªफिक प्लान की जानकारी सभी को होनी चाहिए। प्लान के संबंध में कोई भी असमंजस की स्थिति होने पर बेझिझक अपने उच्चाधिकारी से पूछें। मेले के दौरान फैलने वाली अफवाह अक्सर बड़ी दुर्घटना का कारण बनती है। उन्हें रोकने के लिए सादे वस्त्रों में तैनात पुलिस कर्मी, एलआईयू, चेतक/मोबाइल वाहन क्षेत्र में निगरानी रखें।

एसएसपी ने कहा कि हर की पैड़ी, मनसा देवी और चंडी देवी मंदिरों में भीड़ का दबाव अधिक रहता है। फोर्स घाटों को निरंतर खाली कराते हुए श्रद्धालुओं को सही तरीके से बाहर निकालने के लिए सजग रहें। जिससे भगदड़ की संभावना न बने। ड्यूटी के दौरान केवल आवश्यक कार्य के लिए ही मोबाइल फोन का प्रयोग किया जाए।

मेले में अपर पुलिस अधीक्षक 5, पुलिस उपाधीक्षक 9, निरीक्षक/थानाध्यक्ष 18, उप निरीक्षक/अपर निरीक्षक 63, महिला उप निरीक्षक/ महिला अपर उप निरीक्षक 12, हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल- 272, महिला कांस्टेबल- 33, टीआई 1, उप निरीक्षक/ अपर उप निरीक्षक 7, हेड कांस्टेबल/ कांस्टेबल टीपी – 14, चार पीएसी कंपनी, बीडीएस/डॉग स्कवॉड की दो टीम, चार फायर यूनिट, घुड़सवार दल की एक टीम, जल पुलिस की पाँच टीम, प्लाटून, फ्लड़ कंपनी व प्लाटून की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *