देहरादून। विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून द्वारा “क्वालिटी कनेक्ट” अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य शासकीय विभागों के अधिकारियों को “क्वालिटी कनेक्ट” ऐप के माध्यम से गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूक बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ BIS टीम द्वारा जिलाधिकारी सविन बंसल से भेंटवार्ता कर किया गया, जिसे मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने भी सराहा। इसके बाद चार अलग-अलग टीमों ने विभिन्न सरकारी विभागों में जाकर अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों के प्रति संवेदनशील बनाने की प्रक्रिया शुरू की। इस अभियान के तहत डीएम कार्यालय, फायर, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, पर्यटन, कृषि, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित कई विभागों में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस पहल से सरकारी विभागों में गुणवत्ता नियंत्रण, मानकों के अनुपालन और जागरूकता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।