देहरादून। आपदा पीड़ितों और वंचित बच्चों की मदद के लिए सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर चेक सौंपा।
ब्रिगेडियर जोशी ने बताया कि यह सहयोग पूर्व में आई दैवीय आपदाओं के दौरान राहत-बचाव कार्यों तथा प्रभावित गरीब व वंचित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका में सहायता के उद्देश्य से दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अन्य लोगों को भी सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर जोशी की पुत्री शानू जोशी भी मौजूद रहीं।