हरिद्वार: लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
सांसद रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करें। सड़क, जल निकासी, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। उन्होंने डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए साफ-सफाई और जागरूकता पर बल दिया।
जल जीवन मिशन, हाईटेंशन लाइन परिवर्तन, लो-वोल्टेज सुधार और बाणगंगा की सफाई व मत्स्य प्रबंधन जैसे मुद्दों पर भी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। मनरेगा के तहत छोटे तालाबों के निर्माण के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने सांसद को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का अनुपालन कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, विधायक मदन कौशिक समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राधा स्वामी स्वयं सहायता समूह द्वारा केटरिंग की गई, जिसकी सभी ने सराहना की।