हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण की समीक्षा, निर्माण कार्यों के थर्ड पार्टी आकलन के निर्देश

हरिद्वार। हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक शुक्रवार को प्राधिकरण सभागार में उत्तराखंड आवास विभाग के नव-नियुक्त सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सचिव ने प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की।

सचिव डॉ. राजेश कुमार ने सभी निर्माण व विकास कार्यों का थर्ड पार्टी असेसमेंट कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रिक्त आवासों के शीघ्र आवंटन तथा आवंटित आवासों में लाभार्थियों का वास्तविक निवास सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान शहर में पार्किंग की आवश्यकता का यथार्थ आकलन कर आवश्यकतानुसार प्रस्ताव तैयार कर निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम नागरिकों से संबंधित आवासीय मानचित्रों के त्वरित निस्तारण, अनावश्यक आपत्तियों से बचने और फाइलों के निस्तारण में होने वाले विलंब को गंभीरता से लेने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

प्राधिकरण की कार्ययोजनाओं का प्रस्तुतीकरण सचिव, हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह ने किया, जबकि आय-व्यय से संबंधित प्रस्तुतीकरण मुख्य वित्त नियंत्रक लखेंद्र गोथियाल द्वारा दिया गया। बैठक में अधिशासी अभियंता राजन, सहायक अभियंता त्रेपन सिंह पवार, प्रशांत सेमवाल, वर्षा, अवर अभियंता शबाना, शुभम सेमवाल, संदीप उनियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत सचिव डॉ. राजेश कुमार ने प्रधानमंत्री एकता मॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *