विजय दिवस पर 1971 के शहीदों को नमन, वीरनारियों व पूर्व सैनिक सम्मानित

हरिद्वार। विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला कार्यालय सभागार एवं परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 1971 के भारत–पाक युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर नगर निगम की मेयर किरण जैसल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि 1971 के युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की, जिसमें लगभग 3900 सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आंतरिक व बाहरी चुनौतियों के प्रति सतर्क रहने और देश, प्रदेश व जनपद की उन्नति के लिए सभी को अपने दायित्व निष्ठा व ईमानदारी से निभाने का आह्वान किया। साथ ही आश्वस्त किया कि शहीदों की वीरनारियों, परिजनों व पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन द्वारा प्राथमिकता से किया जाएगा।

मेयर किरण जैसल ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 1971 के युद्ध में भारतीय सेना की वीरता अमिट है और देश उनके बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मेयर द्वारा शहीदों की वीरनारियों व पूर्व सैनिकों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्रीमती मीशा देवी, श्रीमती मंजू त्यागी, श्रीमती शिला देवी, श्रीमती माहेश्वरी देवी, श्रीमती मिथलेश देवी, श्रीमती गीता सैनी सहित कई पूर्व सैनिक व उनके परिजन शामिल रहे।

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों द्वारा देशभक्ति गीत व राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई। पुलिस जवानों ने शहीदों के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया और दो मिनट का मौन रखा गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता पवार (अ.प्रा.) ने विजय दिवस के इतिहास और सैनिक कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी दी तथा सैनिकों के बलिदान को स्मरण रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पी. आर. चौहान, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित पूर्व सैनिक, वीरनारियां, परिजन, एनसीसी कैडेट और पुलिस जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *