हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने और प्रबंधन से अवगत कराने के लिए विशेष पहल की गई। इसके तहत जनपद स्तर पर पुलिस टीम का गठन कर आज शिवडेल पब्लिक स्कूल और अचीवर्स होम पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर के छात्र-छात्राओं को यातायात संचालन में शामिल किया गया। रानीपुर मोड़, भगत सिंह चौक और शंकराचार्य चौक पर इन छात्रों ने यातायात व्यवस्था को संभालते हुए सड़क पर अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अनूठी पहल से न सिर्फ बच्चों को यातायात प्रबंधन की व्यावहारिक समझ मिली, बल्कि आम जनता में भी सड़क नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी।