हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के राजा गार्डन में प्रॉपर्टी डीलर और दंपति के बीच सड़क पर कहासुनी के बाद मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता कल्पना मित्तल निवासी राजा गार्डन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया रविवार की रात करीब 10 बजे वह पति और दो बच्चों के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। हनुमान मंदिर के पास पीछे से एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। उनका आरोप है कि वाहन ने दूसरी बार टक्कर मारकर उन्हें और बच्चों को सड़क पर गिरा दिया।
पीड़िता के मुताबिक, गाड़ी से दो युवक उतरे, जिन्होंने गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि नशे में धुत आरोपियों ने उनके एक साल के बेटे को भी मारने की कोशिश की, साथ ही महिला के साथ छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ने और गाड़ी में घसीटने का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद रात में पुलिस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।