देहरादून। केंद्र सरकार ने विशेष पूंजी निवेश सहायता योजना 2025-26 के तहत उत्तराखंड को ₹249.56 करोड़ की दूसरी किस्त जारी की है। यह राशि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा राज्य सरकार को प्रदान की गई है। इससे प्रदेश में चल रही और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वित्तीय सहायता के लिए केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह सहयोग प्रदेश के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, जनोपयोगी कार्यों को आगे बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र का यह समर्थन उत्तराखंड की आर्थिक मजबूती की दिशा में अहम कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राप्त धनराशि का उपयोग सड़क, पुल, शहरी व ग्रामीण अधोसंरचना, पेयजल, ऊर्जा सहित अन्य पूंजीगत परियोजनाओं में पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी की जाएंगी और उनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक केंद्र सरकार उत्तराखंड को कुल ₹847.49 करोड़ की सहायता ऋण स्वरूप प्रदान कर चुकी है। इस वित्तीय सहयोग से राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है और संतुलित, समावेशी व सतत विकास को मजबूती मिल रही है।