हरिद्वार। सिडकुल के एक होटल में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से होटल संचालक, तीन ग्राहक और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार रात सिडकुल पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना मिली कि महादेवपुरम फेस-2 स्थित अनंत होटल में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा, जहां से होटल संचालक जानी कुमार पुत्र राम कुमार निवासी जनकपुरी, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने तीन ग्राहकों और तीन महिलाओं को भी हिरासत में लिया है, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।