प्रधान बनकर शिक्षा और स्वच्छता की अलख जगाना चाहती हैं शिवांशी

काशीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान ग्राम सभा पैगा से चुनावी समर में उतरीं युवा प्रत्याशी कु. शिवांशी चौहान चुनाव जीतने के बाद गांव का सर्वांगीण विकास कर ग्रामीणों में स्वच्छता और शिक्षा की अलख जगाना चाहती हैं, उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर गंदगी फैली है उसे क्लीन कर हरा भरा बनाया जाएगा।

ग्रामसभा पैगा से यूं तो कई प्रत्याशी प्रधान पद के लिए चुनावी मैदान में हैं परंतु यहां से चुनाव लड़ रहीं युवा प्रत्याशी शिवांशी चौहान अपने बेबाक अंदाज और अच्छी सोच के कारण लोगों की पहली पसंद बनती जा रही हैं। 22 वर्ष की उच्च शिक्षित (Msc.) शिवांशी चौहान पैगा निवासी सेना सेवानिवृत ओम प्रकाश सिंह चौहान की पुत्री हैं। आज अपने समर्थकों के साथ प्रचार अभियान पर निकली शिवांशी ने हमारे संवाददाता से एक मुलाकात में बताया कि वह अपने गांव को आदर्श गांव के रूप में विकसित करना चाहती हैं, उन्होंने बताया कि सबसे पहले वह गांव की सभी टूटी-फूटी सड़कों और नालियों का पुनर्निर्माण कर जिन स्थानों पर गंदगी फैली है, उसे क्लीन कर वहां हरे भरे वृक्ष लगाना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव जीतने के बाद वह ग्राम सभा की खाली जमीन पर एक सुंदर पार्क बनवाएंगी, जिसमें बच्चों के खेलने कूदने के साथ ही घूमने फिरने की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए जितनी पढ़ाई जरूरी है उतना ही खेलकूद भी आवश्यक है ताकि उनका मानसिक विकास हो। उन्होंने कहा कि इस पार्क में शहर की तरह ओपन जिम की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा गांव में एक बारात घर और एक अत्याधुनिक पंचायत भवन का भी निर्माण किया जाएगा। इस पंचायत भवन में एक योगा कम्युनिटी हॉल भी बनाया जाएगा जिसमें कुशल योगा प्रशिक्षक की नियुक्ति की जाएगी।

एक अन्य सवाल के जवाब में महिला उत्थान और शिक्षा पर जोर देते हुए शिवांशी चौहान ने बताया कि जब तक संपूर्ण समाज शिक्षित नहीं होगा हम विकास की कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि महिलाओं का शिक्षित होना आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्जवल हो। सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए शिवांशी ने बताया कि गांव में सैनेटाइजेशन की व्यवस्था भी की जाएगी। शिवांशी ने कहा कि वे ग्रामीणों की व्यक्तिगत समस्याओं जैसे वृद्धा, विधवा, और विकलांग पेंशन के साथ ही राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने का प्रयास करेगी। आज के जनसंपर्क अभियान में उनके साथ ओमप्रकाश सिंह, राजेश सिंह, अली हसन, अनवर, मंगलू , प्रदीप, रामकिशोर, उदयवीर सिंह, डॉ. तेजपाल सिंह, छत्रपाल सिंह, अकबर अली, अमित चौहान, सुरेश भारद्वाज, अरविंद चौहान, शम्मी शर्मा, छोटे भारद्वाज और मेहर सिंह आदि दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *