हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने मोबाइल झपटमारी के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पुरुषोत्तम पांडे, निवासी धीरवाली, ज्वालापुर ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई कि रॉकमैन कंपनी, सिडकुल के पास से दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गई।
गश्त के दौरान, बुधवार को काला गेट से आईएमसी चौक की ओर जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि करते हुए देखा। शक होने पर उन्हें रोककर तलाशी लेने पर उनके पास से वही मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसे एक दिन पहले छीना गया था।
गिरफ्तार आरोपितों में प्रियांशु पुत्र राकेश पाल, निवासी टीन मार्केट, रावली महदूद, और दीपांशु पुत्र टीटू, निवासी ग्राम खतौली, थाना कोतवाली मुजफ्फरनगर, हाल निवासी रविदास मंदिर, रावली महदूद शामिल हैं। साथ ही आरोपितों की मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की।
सिडकुल पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र ममगई, हेड कांस्टेबल संजय सिंह और कांस्टेबल मनीष की संयुक्त टीम शामिल रही।