हरिद्वार। लघु व्यापारियों ने बैठक कर सरकार से नगर निगम द्वारा चिन्हित किए सभी वेंडिंग जोन को विकसित करनें और उनमें लघु व्यापारियों व्यवस्थित किए जाने की मांग की है। लघु व्यापारियों ने कहा कि फेरी नीति नियमावाली के अनुसार नगर निगम ने शहर में 15 स्थानों का चयन का वेंडिंग जोन के लिए किया है। जिसमें से केवल 4 स्थानों पर ही वेंडिंग जोन विकसित किए गए हैं। शेष 11 स्थानों पर भी जल्द से जल्द वेंडिंग जोन विकसित कर नगर निगम में पंजीकृत लघु व्यापारियों को उनमें विस्थापित किया जाना चाहिए।
देव कुटिया में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि नगर निगम द्वारा 2018 में लघु व्यापारियों का सर्वे किए जाने के 6 वर्ष बीत जाने के बाद भी फेरी नीति नियमावली के अनुसार लघु व्यापारियों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित नहीं किया गया है। जो कि अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान से सबसे ज्यादा लघु व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए जल्दी से जल्दी राष्ट्रीय पथ विक्रेता संरक्षण अधिनियम, राष्ट्रीय आजीविका मिशन एवं उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के अनुसार लघु व्यापारियों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित किया जाए।