हरिद्वार। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने रोशनाबाद पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की सलामी लेने के बाद जवानों संग दौड़ लगाकर उनकी फिटनेस परखी और ड्रिल अभ्यास का जायजा लिया। उन्होंने सभी राजपत्रित अधिकारियों को ड्रिल की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

परेड के बाद एसएसपी ने परिवहन शाखा का निरीक्षण कर वाहनों की स्थिति जांची और समय पर सर्विसिंग के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आदर्श भोजनालय में जवानों संग भोजन कर उसकी गुणवत्ता पर संतुष्टि जताई। उन्होंने मैस प्रबंधक को समय पर ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने क्वार्टर गार्द का निरीक्षण कर जवानों के प्रदर्शन की सराहना की और नगद इनाम की घोषणा की। गार्द रूम, आरमरी, स्टोर और कार्यालयों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक को शस्त्रों व दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी जितेंद्र मेहरा, एसपी सिटी पंकज गैरोला, एसपी देहात शेखर सुयाल सहित कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे।