हरिद्वार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने बैंकों को निर्देश दिए कि बेरोजगार युवाओं, किसानों और कमजोर वर्ग के लोगों को स्वरोजगार योजनाओं के तहत प्राथमिकता से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ऋण आवेदनों पर अनावश्यक आपत्ति न लगाने और ऋण न देने की स्थिति में आवेदक को कारण बताने को कहा। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले बैंकों पर नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीडी रेशियो 40 प्रतिशत से कम वाले बैंक शाखाओं को ऋण वितरण बढ़ाने को कहा गया। साथ ही ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविरों में बैंकों को स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।