हरिद्वार। उत्तरी क्षेत्र में सीवर निर्माण कार्य जनता के लिए परेशानी का सबब बन गया है। लगातार बारिश में सड़कों की हालत खस्ताहाल हो गई है और जगह-जगह गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कार्यदायी संस्था पर अनुभवहीनता और भारी लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
सेठी ने बताया कि संस्था बिना कंक्रीट के पाइप डाल रही है और मरम्मत के लिए पुरानी टूटी टाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर कई फोटो और वीडियो साझा करते हुए एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी रोष है। मोतीचूर, दूधधारी रोड और उत्तरी हरिद्वार की कॉलोनियों में सड़कें टूटी पड़ी हैं और दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। सेठी का कहना है कि यह एजेंसी सरकार की छवि भी खराब कर रही है।
मुख्यमंत्री से जल्द मिलने की तैयारी कर रहे प्रतिनिधिमंडल में महेश चंद, दीपक उप्रेती, शलभ गुप्ता, हरीश साहनी, एस.एन. तिवारी, डॉक्टर स्मिथ ऐरन सहित कई प्रमुख लोग शामिल हैं।