हरिद्वार। निरंजनी अखाड़े के स्वामी ललितानंद गिरी ने गंगा नदी की सफाई और संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि हर वर्ष गंगा में सिल्ट जमा होने से बाढ़ जैसी आपदाओं का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने गंगा की सफाई को पर्यावरणीय, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इस पवित्र कार्य को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।
ललितानंद गिरी ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग गंगा सफाई पर राजनीति कर रहे हैं, वे खुद गंगा में स्नान तक नहीं करते। उन्होंने साधु-संतों से कहा है कि वे राजनीति से दूर रहकर समाज को सही दिशा दिखाने और परमात्मा की तपस्या करने पर ध्यान दें।
स्वामी ललितानंद गिरी ने गंगा संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि इसमें सरकार, समाज और हर व्यक्ति का योगदान जरूरी है। उन्होंने अपील की कि गंगा बचाने के लिए उठाए गए हर कदम को समर्थन दिया जाए और इस पवित्र कार्य में राजनीति का दखल न हो। गंगा की सफाई केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक पवित्र धरोहर को बचाने का प्रयास है।