देवभूमि रजत जयंती पर युवा महोत्सव में प्रतिभाओं ने दिखाई चमक

हरिद्वार। देवभूमि उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर युवा कल्याण विभाग, हरिद्वार द्वारा ऋषिकुल आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के सभागार में युवा महोत्सव-2025 का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से प्रतिभागियों ने लोकनृत्य, लोकगीत, कविता लेखन, कहानी लेखन, चित्रकला, भाषण और विज्ञान प्रदर्शनी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

लोकनृत्य प्रतियोगिता में विकासखंड बहादराबाद की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रुड़की की टीम द्वितीय और नारसन की टीम तृतीय रही। लोकगीत वर्ग में भी बहादराबाद की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, नारसन की टीम द्वितीय और रुड़की की टीम तृतीय स्थान पर रही। कविता लेखन में प्रवीण चमोली (बहादराबाद) ने पहला स्थान, मिस्बा (रुड़की) ने दूसरा और अभिनव बंगारी (नारसन) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कहानी लेखन में आशिता पंत (रुड़की) ने प्रथम, दिनेश जोशी (बहादराबाद) ने द्वितीय और पारुल (खानपुर) ने तृतीय स्थान पाया।

चित्रकला में शाश्वत सैनी (बहादराबाद) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, अभयजीत सिंह (रुड़की) द्वितीय और सोनम रानी (खानपुर) तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में सादिया (खानपुर) ने प्रथम, अभिनव बंगारी द्वितीय और भरत लाल भार्गव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रदर्शनी में राजकीय पॉलिटेक्निक हरिद्वार सिडकुल के आदित्य कुमार, विदुशी नेगी, पूजा बिष्ट, विनीत सहगल और हैदर की टीम प्रथम रही, जबकि गायत्री विद्यापीठ बहादराबाद के ऋषभ को द्वितीय और जवाहर नवोदय विद्यालय रोशनाबाद के समर्थ को तृतीय स्थान मिला।

कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार, प्रमाण पत्र एवं युवा महोत्सव का स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। चयनित प्रतिभागी आगामी 6 नवंबर को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रस्थान करेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता विशाल गर्ग, भाजपा युवा मोर्चा के हीरा सिंह, समाजसेवी लव शर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों और कलाकारों ने जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभागीय स्टालों का अवलोकन किया और जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में जिला युवा एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडेय ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *