हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में 31 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी हरिद्वार और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) ग्रुप मुख्यालय रुड़की के तत्वावधान में दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। इस शिविर में राज्य के विभिन्न जिलों से आए 400 जूनियर और सीनियर डिवीजन के कैडेट्स शामिल हैं।
शिविर का उद्घाटन ग्रुप कमांडर एनसीसी रुड़की ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी ने किया। उन्होंने कैडेट्स को एकता, अनुशासन, पढ़ाई और सोशल अवेयरनेस पर मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही उन्होंने मोबाइल फोन से दूरी बनाकर फास्टिंग करने और कैंप में होने वाली गतिविधियों, वाद-विवाद, मैप रीडिंग, ड्रिल, क्विज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने कैडेट्स को डिजास्टर मैनेजमेंट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पिछले वर्षों में आई आपदाओं के कारण जनधन को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि इसके पीछे जनसंख्या, प्रकृति में छेड़छाड़, शहरीकरण और अनियोजित योजनाएं मुख्य कारण हैं। उन्होंने बताया कि 50 कैडेट्स को अगले सात दिनों में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण और परीक्षा दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा होने पर उन्हें इमरजेंसी रिस्पांस किट सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा।
शिविर में कर्नल गौरव प्रसाद नौगियान, मास्टर ट्रेनर मनोज कंडियाल प्रताप, एएनओ, एनसीसी टीचर, बटालियन के सैन्य अधिकारी और विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक भी मौजूद रहे।