हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में ईद की नमाज के दौरान फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। त्योहार के मौके पर हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 21 मार्च को खेड़ी खुर्द निवासी रिजवान ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि विपक्षी ने उसके और उसके परिजनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। लगातार निगरानी और सुरागरसी के बाद पुलिस ने आरोपी आस मोहम्मद निवासी खेड़ी खुर्द को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
बताया जा रहा है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। घटना के दौरान रायसी ईदगाह में नमाज से पहले अचानक हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई थी और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।