देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से कार्य करते हुए समाज को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण राज्य के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा और आने वाले 25 वर्षों तक उत्तराखंड की प्रगति का मार्गदर्शन करेगा। मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और मातृशक्ति के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को आत्मनिर्भर राज्य बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि राज्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका अद्वितीय रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा ने अब तक 500 से अधिक विधेयक पारित किए हैं और पेपरलेस विधायिका की दिशा में कदम बढ़ाया है। नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राष्ट्रपति का संबोधन प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।