लूट की वारदातों को अंजाम देने वाला बदमाश गिरफ्तार

हरिद्वार। कल देर रात पुलिस से हुई मुठभेड़ में लूट की वारदात करने वाला बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बदमाश ने दो लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। मास्टरमाइंड बदमाश प्राइवेट कंपनी का कर्मचारी है। खर्च पूरे करने के लिए लूट की वारदातों को अंजाम देता है।

विगत देर रात्रि पुलिस कनखल क्षेत्रांतर्गत चैकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जियापोता के पास मुँह पर गमछा लपेटे जगजीतपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार के दिखने पर पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया, तो बाइक सवार अपनी बिना नम्बर प्लेट की बाइक से तेजी से जगजीतपुर की ओर भागने लगा। जिसकी सूचना रात्रि 10ः00 बजे पुलिस कन्ट्रोल रुम के माध्यम से प्रसारित की गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कनखल व पूर्व से क्षेत्र में मामूर सीआईयू प्रभारी एश्वर्यपाल अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। बाइक सवार व्यक्ति सिद्धेश्वर महादेव को जाने वाले रास्ते की ओर भागने लगा। जहाँ बरसाती कीचड़ के कारण उसकी बाइक फिसल गयी और बाइक सवार नीचे गिर गया। बाइक सवार कीचड़ से उठकर खाली खेत की ओर भागा और पीछा कर रही पुलिस पर दो बार फायर किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और घायल हो गया। घायल बदमाश से तमंचा व कारतूस बरामद हुए, जिनको कब्जे में लेकर बदमाश को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम मोहित निवासी अकोड़ा कलां कोतवाली लक्सर बताते हुए जानकारी दी कि वह शादीशुदा एवं एक बच्ची का पिता है और केवल दसवीं तक पढ़ा है व स्थानीय टायर कम्पनी में काम करता है लेकिन तन्ख्वाह में खर्चे पूरे नहीं हो पाते हैं। उसने अपने खर्चे पूरे करने के लिये अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम दिया। वारदातों में यही मोटरसाइकिल इस्तेमाल की गई थी।

पूछताछ करने पर उसने आगे बताया 18 जून को अपने साथियों मोहन व सोहन (काल्पनिक नाम) के साथ मिलकर पंजनहेड़ी में सुनार की दुकान पर तमंचे की नोक पर लूट का प्रयास किया, लेकिन सुनार के विरोध के चलते आरोपियों के हाथ केवल मोबाईल लगा। मोबाइल से पकड़े जाने के डर से लूटा गया मोबाईल गंगा जी में फेंक दिया।

इसके बाद 9 अगस्त को अपने 3 साथियों चिंटू, सोहन एवं टीकू (सभी नाम काल्पनिक) के साथ मिस्सरपुर की परचून की दुकान से तमंचों की नोंक पर लूट की घटना को अंजाम दिया और नगदी, चेन व मोबाईल लूट लिया। आरोपियों ने लूट के 10,000 रुपयों को आपस में बांट लिया। लूटी गई चेन व मोबाइल को आरोपी ने अपने साथियों के पास दे दिया। मुठभेड़ के दिन भी आरोपी तमंचा लेकर किसी वारदात की रेकी करने निकला था।

पुलिस अब वारदात में शामिल गिरोह के अन्य लोगों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। बदमाश पर लक्सर, मुजफ्फरनगर व कनखल थाने में कई आपराधिक इतिहास दर्ज हैं।

आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में सीओ सिटी जूही मनराल, प्रभारी निरीक्षक कनखल भावना कैंथोला, प्रभारी सीआईयू हरिद्वार एश्वर्यपाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र, उपनिरीक्षक चरण सिंह, उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिह, उपनिरीक्षक गगन मैठानी, अपर उपनिरीक्षक सुल्तान, हेड कांस्टेबल जसवीर सिंह व सन्नी सिह, कांस्टेबल कुलदीप व रघुवीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *